उत्तर प्रदेश के बहराइच में भेड़िये के हमले में सोमवार रात पांच साल की बच्ची घायल हो गई है। घटना जिले के हरदी इलाके की बताई जा रही है। बच्ची परिवार के साथ सो रही थी, तभी भेड़िये ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची के चिल्लाने पर बाकी लोग जाग गए और भेड़िया भाग गया।
बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, दो महीने से भी कम समय में भेड़ियों के हमलों में सात बच्चों समेत आठ लोगों की जान चली गई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हैं।
जिला मजिस्ट्रेट के मुताबिक प्रशासन पहले ही चार भेड़ियों को पकड़ चुका है और बाकियों को पकड़ने की कोशिश जारी है। बाताया जा रहा है कि भेड़िये हर चार से पांच दिन में किसी नए गांव में लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। अब तक की रिपोर्ट के मुताबिक दो भेड़िये हमला कर रहे हैं लेकिन वन विभाग सटीक संख्या के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहा है।