Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

MP: कुएं में संदिग्ध जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के गुना जिले में मंगलवार को एक बछड़े को बचाने के लिए कुएं में उतरे तीन व्यक्तियों की संदिग्ध जहरीली गैस से मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि ये घटना धरनावदा गांव की है जहां छह व्यक्ति एक बछड़े को बचाने के लिए कुएं में उतरे थे। गुना कलेक्टर किशोर कन्याल ने बताया कि घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। 

उन्होंने कहा, "प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बछड़े को बचाने के लिए छह लोग कुएं में उतरे थे। उनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में बचा लिया गया और उन्हें गुना जिला अस्पताल ले जाया गया। छह में से केवल एक व्यक्ति ही सुरक्षित बाहर निकल पाया।" 

कलेक्टर ने बताया कि शुरुआती जांच में तीनों की मौत संदिग्ध रूप से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस की वजह से हुई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुएं में करीब 12 फुट पानी है जिसकी वजह से गेल की केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई, राज्य आपदा आपातकालीन मोचन बल (एसडीईआरएफ) और विभिन्न एजेंसियों के दलों को बचाव अभियान में दिक्कतें आईं।