Breaking News

फ्रांस में इबोला के पहले केस की पुष्टि हुई     |   रूस और भारत द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे: क्रेमलिन     |   कोलकाता हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई     |   कोलकाता हादसा: CM शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे     |   कर्नाटक में 1 जुलाई से लागू होगी वीबीजी राम जी योजना     |  

Gujarat: वडोदरा में पुल ढहने से आठ लोगों की मौत, कई गाड़ियां महिसागर नदी में समाई

गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह एक पुल का कुछ हिस्सा ढह जाने से कई वाहन नदी में गिर गए। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि चार दशक पुराने पुल के ढहने की घटना में आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य को बचा लिया गया।

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि गंभीरा पुल का एक ‘स्लैब’ ढह जाने से पांच से छह वाहन महिसागर नदी में गिर गए। महिसागर नदी पर स्थित गंभीरा पुल मध्य गुजरात और राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र को जोड़ता है। 

इस पुल का निर्माण 1985 में हुआ था और समय समय पर तथा जरूरत पड़ने पर इसका रखरखाव किया जाता था। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तकनीकी विशेषज्ञों को घटनास्थल पर पहुंचने और हादसे के कारण की जांच का निर्देश दिया। घटना के दृश्यों में दो खंभों के बीच पुल का पूरा स्लैब ढहता हुआ नजर आ रहा है।

घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई और दो ट्रक और दो वैन समेत कुछ वाहन नदी में गिर गए। वडोदरा दमकल विभाग की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी बचाव उपकरण के साथ घटनास्थल रवाना हो गई है। करीब 900 मीटर लंबे गंभीरा पुल के 23 खंभे हैं और यह गुजरात के वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ता है। इसका उद्घाटन 1985 में हुआ था।