Breaking News

यूबीटी बागी सांसद ने लोकसभा स्पीकर को सौंपा पत्र     |   NEET UG परीक्षा तक सर्विस पर रोक के खिलाफ दिल्ली HC पहुंचा टेलीग्राम     |   योग-डे के लिए 7 दिन कोलकाता का रेड रोड बंद... शुभेंदु सरकार के आदेश को HC में चुनौती, होगी सुनवाई     |   कानपुर में बॉयफ्रेंड के कहने पर पत्नी ने किया पति पर चाकू से हमला, अस्पताल में मौत     |   दिल्ली पहुंचे यूबीटी सांसद राजाभाऊ वाजे, बोलें- मैं उद्धव के साथ हूं     |  

छत्तीसगढ़: बीजापुर में हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों से हुई भीषण मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर हो गए। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ सुबह करीब नौ बजे दक्षिण बीजापुर के जंगल में हुई, जब सुरक्षाकर्मियों की टीम नक्सल रोधी अभियान पर थी।

अधिकारी ने कहा कि शाम तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। उन्होंने बताया कि तीन जिलों के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की विशिष्ट जंगल युद्ध इकाई कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन) की पांचवीं बटालियन और सीआरपीएफ की 229वीं बटालियन के जवान इस अभियान में शामिल हैं।

अधिकारी ने कहा, “शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर हो गए। इलाके में तलाशी अभियान अब भी जारी है और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इसके साथ ही इस महीने अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे जा चुके हैं।

बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में 12 जनवरी को सुरक्षाकर्मियों से मुठभेड़ में दो महिलाओं समेत पांच माओवादी मारे गए थे। पिछले साल राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 219 नक्सलियों को ढेर किया था।