Breaking News

घातक विस्फोट के बाद मणिपुर में हिंसा, प्रशासन ने लगाया कर्फ्यू और इंटरनेट किया बंद     |   शांति वार्ता विफल होने पर ट्रंप ने ईरानी प्रशासन पर की आपत्तिजनक टिप्पणी     |   असम पुलिस की कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर छापेमारी, दिल्ली पुलिस की टीम कर रही है मदद     |   लखनऊ: योगी कैबिनेट की बैठक शुरू, शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने समेत कई प्रस्ताव पर होगी चर्चा     |   इजरायली सेना ने ईरान के लोगों को दी चेतावनी, कहा- ट्रेनों और रेलवे लाइनों से दूर रहने की दी सलाह     |  

सीएम साहा ने धलाई हिंसा के पीछे जताई राजनीतिक साजिश की आशंका, कहा- आरोपी को कड़ी सजा मिलेगी

Tripura: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को कहा कि 23 अक्टूबर को बंद के दौरान धलाई जिले में अधिकारियों और दूसरे कई लोगों पर हमले में शामिल लोगों को कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने इसके पीछे राजनीतिक साजिश का शक जताया है। मुख्यमंत्री का यह बयान गुरुवार शाम धलाई जिले के संतिरबाजार में बंद समर्थकों द्वारा किए गए हमले के एक दिन बाद आया है।

नवगठित संगठन त्रिपुरा सिविल सोसाइटी (टीसीएस) ने बंद का आह्वान किया था। इस हमले में सलिमा के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अभिजीत मजूमदार, इंजीनियर अनिमेष साहा और कमालपुर के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) समुद्र देबबर्मा सहित 12 लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने जीबीपी अस्पताल में तीन घायल अधिकारियों से मुलाकात के बाद कहा कि गुरुवार को जिस तरह से बंद समर्थकों ने संतिरबाजार में अधिकारियों और लोगों पर जानलेवा हमला किया, वह आंदोलन के नाम पर एक कलंक है।

साहा ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों ने न सिर्फ हमला किया, बल्कि गांव के बाजार से कई चीजें भी लूट लीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हमले में शामिल लोगों को कड़ी सजा मिलेगी। यह पूछे जाने पर कि हमले में कौन शामिल था, मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर पहले ही बता दिया है कि संतिरबाजार में हुए घातक हमले के पीछे कौन था।

मुख्यमंत्री साहा ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर लिखा, "हम अभिजीत मजूमदार (बीडीओ), इंजीनियर अनिमेष साहा और धलाई जिले के संतिरबाजार के लोगों पर टिपरा मोथा समर्थकों द्वारा किए गए हिंसक हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हिंसा के ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं। प्रशासन को जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।"

टिपरा मोथा त्रिपुरा में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार का एक कनिष्ठ सहयोगी है। इस बीच आठ सूत्री मांगों पर राज्यव्यापी बंद का आह्वान करने वाले टिपरा मोथा के विधायक रंजीत देबबर्मा ने एक वीडियो संदेश के जरिए बंद में शामिल होने के लिए लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "मैं बंद को सफल बनाने के लिए इसमें शामिल हुए लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। नागरिक समाज द्वारा आहूत बंद अपनी सफलता के कारण राज्य में एक मिसाल बनेगा।"

देबबर्मा ने कहा कि गुरुवार को संतिरबाजार में दो समूहों के बीच झड़प हुई, जिसमें तीन आदिवासी घायल भी हुए। उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने घटना की निंदा की है और घायलों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मैं आज संतिरबाजार जाना चाहता था, लेकिन डीजीपी ने मुझे जाने से मना कर दिया।"