अयोध्या के राम मंदिर में दान में कथित गड़बड़ी की एसआईटी जांच के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। ट्रस्ट की ओर से जारी सूचना के अनुसार, आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 18 जुलाई शाम 4 बजे है। CEO पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। उम्मीदवार की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसके पास किसी बड़े सरकारी विभाग, सार्वजनिक संस्था, संगठन या कंपनी में कम से कम 20 साल का प्रबंधन (मैनेजमेंट) का अनुभव होना चाहिए।
उम्मीदवार को प्रशासन, वित्त, मानव संसाधन (HR), जनसंपर्क (PR), आईटी, सुरक्षा और कानूनी मामलों का अनुभव होना चाहिए। मंदिर या हिंदू धार्मिक संस्थान के प्रशासन का अनुभव रखने वाले और सेवानिवृत्त अधिकारी को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित CEO की नियुक्ति तीन साल के अनुबंध पर होगी। अच्छे प्रदर्शन के आधार पर कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है।
CEO ट्रस्ट के प्रशासन, भविष्य की विकास योजनाओं, वित्तीय पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था, धार्मिक कार्यक्रमों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विशेष अतिथियों के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे। वेतन और अन्य सुविधाएं आपसी सहमति से तय की जाएंगी। इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर में दान की कथित गड़बड़ी की स्वतंत्र और अदालत की निगरानी में जांच की मांग वाली याचिकाओं पर केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है। साथ ही कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित एसआईटी से जांच की स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है और उसकी संरचना की जानकारी देने को कहा है। मामले की जांच फिलहाल जारी है।