राजस्थान के जयपुर में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान आरएसएस से जुड़े दस लोगों पर हमला करने वाले आरोपितों के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। आरोपित नसीब चौधरी और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया गया है और हमले में शामिल बाकी लोगों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
जेडीए अधिकारी देवेंद्र कुमार शर्मा ने कहा, "प्रशासन को पहले ही शिकायत मिल गई थी। उसने लोगों के बीच डर पैदा कर दिया था। ये उस अपराध का परिणाम है जो उसने किया है, जहां उसने इतने सारे लोगों पर हमला किया है।" पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यहां मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों के किए गए हमले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े दस लोग घायल हो गए।
गुरुवार की रात शरद पूर्णिमा के मौके पर मंदिर में जागरण कार्यक्रम चल रहा था। उन्होंने बताया कि जब श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा जा रहा था तो पड़ोस में रहने वाले दो लोगों ने देर रात कार्यक्रम आयोजित करने पर आपत्ति जताई।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर बहस के बाद आरोपित ने बाकी लोगों को बुलाया और लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें 10 आरएसएस कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना से गुस्से कुछ लोगों ने कुछ देर के लिए दिल्ली-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। हालांकि, गुरुवार देर रात उन्होंने अपना धरना हटा लिया।