Breaking News

ईरान से क्रूड ऑयल खरीद के लिए जापान के ऑयल खरीदरों ने बातचीत की     |   'भक्ति का दिखावा, लूट का पेशा... यही RSS का असली चेहरा', पवन खेड़ा का X पोस्ट     |   मोनाको ब्लास्ट केस: इंटरपोल ने संदिग्ध महिला की पहचान की, यूक्रेनी टाइकून था टारगेट     |   पीएम मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड का दौरा करेंगे     |   चढ़ावा चोरी केस: आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने कराई थी भव्य राम कथा, ₹50 लाख खर्च का दावा     |  

पाकिस्तान के खिलाफ जैसलमेर में बड़ा एक्शन, BSF कैंप पर हमले की कोशिश नाकाम

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राजस्थान के जैसलमेर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पाकिस्तानी आतंकियों ने जैसलमेर के एक बीएसएफ कैंप पर हमला करने की कोशिश की, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया। सीमा क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुरुवार देर रात पाकिस्तान की तरफ से जैसलमेर के पास भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की गई। आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर बीएसएफ के कैंप के पास आने का प्रयास किया, लेकिन चौकस जवानों ने पहले ही गतिविधि भांप ली। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने घुसपैठियों पर फायरिंग की, जिसके बाद वे भागने पर मजबूर हो गए।

बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस ऑपरेशन में जवानों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। घटनास्थल के पास से संदिग्ध सामग्रियां और हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिससे अंदेशा है कि यह हमला पहले से योजनाबद्ध था। घटना के बाद बीएसएफ और सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और सीमाई चौकियों की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है ताकि भविष्य में किसी भी तरह की घुसपैठ की कोशिश को रोका जा सके।

हाल ही में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। इसके बाद से ही पाकिस्तान की ओर से भारत के सीमावर्ती इलाकों में हमले और घुसपैठ की कोशिशें बढ़ गई हैं। सरकार की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमावर्ती राज्यों के अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। जैसलमेर में हुई इस ताजा घटना ने एक बार फिर पाकिस्तान की मंशा को बेनकाब कर दिया है, वहीं बीएसएफ के जवानों की सतर्कता ने एक बड़े खतरे को टाल दिया।