Breaking News

अल कायदा AQIS के डिप्टी अमीर आतिफ याह्या पर US ने रखा $10 मिलियन का इनाम     |   PM मोदी ने काशी से पुणे के लिए अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई     |   काशी दिव्य शक्तियों की भूमि है: PM मोदी     |   अफगानिस्तान ने यूनिवर्सिटी हमले को लेकर काबुल में पाकिस्तान के राजनयिक को किया तलब     |   TVK चीफ विजय ने तिरुचेंदूर मंदिर का किया दौरा     |  

बागपत में लड्डू पर्व पर बड़ा हादसा, सात लोगों की मौत, 60 घायल

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत में मंगलवार को जैन समुदाय द्वारा आयोजित भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर मानस्तम्भ परिसर में बना लकड़ी का एक ढांचा गिरने से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। वहीं हादसे में घायल हुए 60 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने ये जानकारी दी।

चश्मदीदों के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब आठ बजे श्री 1008 आदिनाथ भक्तांबर प्रचार के तत्वाधान में मोक्ष कल्याणक निर्वाण महोत्सव के तहत भगवान आदिनाथ के अभिषेक के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उनके मुताबिक इसी कार्यक्रम के दौरान अचानक ही मानस्तम्भ परिसर में बनाए गए 65 फुट ऊंचे अस्थायी मंच की लकड़ी की सीढ़ियां टूट गईं जिससे मंच पर मौजूद और उसके पास खड़े श्रद्धालु नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जिसने भगदड़ पर काबू पाते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया। हालात को काबू करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। घटना से गुस्साए श्रद्धालुओं का कहना है कि हादसे के बाद घायल हुए लोगों को तुरंत चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। एंबुलेंस की अनुपलब्धता के चलते उन्हें ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया गया। कई श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अस्थायी सीढ़ियां भीड़ का भार सहन नहीं कर पाईं और टूट गईं। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की कमी को लेकर लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

इस बीच राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (एसपी) की मीडिया सेल ने अपने आधिकारिक ''एक्‍स'' खाते पर एक पोस्ट में आरोप लगाया ''बागपत में आयोजित निर्वाण धार्मिक महोत्सव में सरकारी प्रशासनिक अनदेखी, लापरवाही, भीड़ नियंत्रण की कोई व्यवस्था ना होने के कारण हादसा हुआ और सैकड़ों श्रद्धालुओं के घायल होने एवं कुछ के हताहत होने की अपुष्ट सूचना है।'' पोस्ट में कहा गया है ''ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी लोग सकुशल हों। योगी सरकार धर्म के नाम पर तमाशा बना रही है। जनता को कोई सुविधा या सुरक्षा नहीं मिलती। भीड़ नियंत्रण का कोई इंतजाम नहीं होता जिसके कारण धार्मिक कार्यक्रमों में अक्सर हादसे होते हैं। लोगों की जान जाती हैं और बीजेपी की योगी सरकार पल्ला झाड़ कर लोगों को मरने के लिए छोड़ देती है।''

समाजवादी पार्टी की मीडिया सेल ने ‘नहीं चाहिए भाजपा’ हैश टैग के साथ किये गये पोस्‍ट में आरोप लगाया ''सिर्फ भ्रष्टाचार कर रहे मुख्यमंत्री योगी को यह सब दिखता क्यों नहीं ? बेशर्मी से वे ढिंढोरा तो पीटते हैं लेकिन अंत में उनका ढोल फट जाता है।'' उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का भी आरोप लगाया।