कर्नाटक में बीजेपी ने राज्य सरकार द्वारा बस किराया बढ़ोतरी के खिलाफ शुक्रवार को बेंगलुरू में प्रदर्शन किया। कर्नाटक मंत्रिमंडल ने गुरुवार को राज्य सरकार के स्वामित्व वाले परिवहन निगमों के बस किराये में 15 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया। कर्नाटक के कानून और संसदीय कार्य मंत्री एच के पाटिल ने कहा कि ईधन की कीमतों और कर्मचारियों पर खर्च में वृद्धि जैसी परिचालन लागत में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए ये निर्णय लिया गया है।
मंत्री पाटिल ने कहा कि ये निर्णय पांच जनवरी से लागू होगा। उन्होंने कहा कि बीएमटीसी का बस किराया 10 जनवरी, 2015 को बढ़ाया गया था जब डीजल की कीमत 60.90 रुपये प्रति लीटर थी। सरकार ने कहा कि इस कदम से मासिक 74.85 करोड़ रुपये और सालाना लगभग 784 करोड़ रुपये आने की उम्मीद है।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने मैजेस्टिक के केम्पेगौड़ा बस स्टैंड पर आंदोलन का नेतृत्व किया। पत्रकारों से बातचीत में अशोक ने कहा कि राज्य में महंगाई से जनता त्रस्त है। आंदोलनकारी बीजेपी नेताओं को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया।