Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

बीजेपी को फरवरी में नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की संभावना

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के निवर्तमान अध्यक्ष जे. पी. नड्डा की जगह लेने वाले पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव फरवरी के आखिर तक होने की संभावना है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने ये जानकारी दी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि जारी संगठनात्मक चुनाव के तहत पार्टी की आधे से अधिक राज्य इकाइयों में मतदान प्रक्रिया जनवरी के मध्य तक पूरी होने की संभावना है। इस प्रक्रिया के बाद नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।

एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि बीजेपी की राज्य इकाइयों के लगभग 60 प्रतिशत अध्यक्षों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है और उनके स्थान पर अगले महीने के मध्य तक नए अध्यक्ष चुने जाने की संभावना है। बीजेपी के संविधान में यह प्रावधान है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने से पहले कम से कम आधी राज्य इकाइयों में संगठनात्मक चुनाव पूरे हो जाने चाहिए। पदाधिकारी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि नया बीजेपी अध्यक्ष फरवरी के आखिर तक कार्यभार संभाल लेगा।"

ये पूछे जाने पर कि क्या बीजेपी का नया अध्यक्ष कोई ऐसा व्यक्ति हो सकता है जो वर्तमान में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य कर रहा हो, उन्होंने कहा कि वो सरकार या संगठन किसी से हो सकता है और अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। फिलहाल जे. पी. नड्डा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हैं।

संयोग से उन्होंने भी 2020 में फरवरी में ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला था। पार्टी अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है लेकिन 2024 में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नड्डा के कार्यकाल को विस्तार दिया गया था। इस लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने सत्ता में वापसी की।