Breaking News

जापान में आया जोरदार भूकंप, रिक्टर स्केल 6.6 तीव्रता रही, सुनामी का अलर्ट नहीं     |   MP की धार भोजशाला मामले में हिंदू पक्षकार ने सुप्रीम कोर्ट में केविएट दाखिल की     |   RG Kar केस में पूर्व CP विनीत गोयल समेत 3 अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच होगी     |   उम्मीद है सुप्रीम कोर्ट, भोजशाला केस पर MP HC का आदेश रद्द करेगा: असदुद्दीन ओवैसी     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर 96.07 पर पहुंचा     |  

ऊर्जा संकट के बीच नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, वाहनों की ईंधन खपत में 20% कटौती

पश्चिम एशिया में जारी संकट और बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों के बीच नोएडा प्राधिकरण ने ईंधन बचत को लेकर बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने अपने सभी हल्के और भारी वाहनों तथा मशीनों की दैनिक ईंधन खपत में 20 प्रतिशत की कटौती करने का निर्णय लिया है। नोएडा प्राधिकरण की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राष्ट्रीय हित में ईंधन बचत की अपील के अनुरूप लिया गया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने अधिकारियों को इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार का मानना है कि मौजूदा वैश्विक ऊर्जा संकट के दौरान इस तरह के कदम न केवल सरकारी खर्च कम करेंगे, बल्कि पेट्रोल-डीजल की खपत घटाकर देश की ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूत करेंगे। इस सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सात महत्वपूर्ण अपीलें की थीं। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कार-पूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की बात कही थी। इसके अलावा खाद्य तेल की खपत कम करने और किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का भी सुझाव दिया था।

इसी बीच दिल्ली में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ मिलकर सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली शटल बस सेवा शुरू की है। यह सेवा मेट्रो स्टेशनों और सरकारी कार्यालयों के बीच पर्यावरण अनुकूल अंतिम मील कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये और डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है।