Breaking News

केरलम में प्रधानमंत्री मोदी बोले- LDF सरकार जाएगी, जनता को NDA पर भरोसा     |   राजस्थान SI भर्ती 2021: HC ने सिंगल बेंच का फैसला बरकरार रखा, अभ्यर्थियों को झटका     |   'झूठ फैलाने में माहिर हैं LDF-UDF', केरल में विपक्षी गठबंधन पर PM मोदी का निशाना     |   अफगानिस्तान में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप में एक घर ढहने से 8 लोगों की मौत     |   अमेरिकी विमानों को गिराए जाने का ईरान के साथ बातचीत पर नहीं पड़ेगा कोई असर: ट्रंप     |  

गैस सिलेंडर की कमी की अफवाहों के बीच तेल कंपनियों का आश्वासन, घबराने की जरूरत नहीं

नई दिल्ली: Indian Oil Corporation ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उसके 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर प्रवासी मजदूरों को लगातार उपलब्ध कराए जा रहे हैं और सप्लाई बनाए रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। कंपनी ने कहा कि गैस आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है।

इंडियन ऑयल के अनुसार, सिलेंडर वैध पहचान पत्र के आधार पर दिए जा रहे हैं ताकि वितरण में पारदर्शिता और सुविधा बनी रहे। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, “स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरतों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा रहा है, इसलिए किसी भी तरह की चिंता या घबराहट की आवश्यकता नहीं है।”

वहीं, Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) ने बताया कि उसने अपने 55 बॉटलिंग प्लांट्स से एलपीजी सेगमेंट में रिकॉर्ड 14,10,000 सिलेंडरों की आपूर्ति की। इसके अलावा, 5 किलोग्राम श्रेणी में 27,800 और 2 किलोग्राम श्रेणी में 1,500 फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर भी वितरित किए गए।

एचपीसीएल ने यह भी बताया कि रिटेल सेगमेंट में 37,269 किलोलीटर पेट्रोल और 75,356 किलोलीटर डीजल की बिक्री हुई, जो स्थिर आपूर्ति का संकेत है। कंपनी ने एक दिन में 1.9 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवा दी। साथ ही, 80 सप्लाई लोकेशनों से 7,102 टैंकर पेट्रोल और डीजल लेकर विभिन्न रिटेल आउटलेट्स तक भेजे गए।

इसी क्रम में Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) ने भी भरोसा दिलाया कि उसके सभी रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन की आपूर्ति सामान्य और सुचारू बनी हुई है। कंपनी ने कहा कि टैंकर डिस्पैच और डिपो संचालन सामान्य रूप से जारी हैं। बीपीसीएल ने ग्राहकों से अपील की कि वे घबराहट में ईंधन की खरीदारी न करें और सामान्य उपयोग बनाए रखें।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और ईरान द्वारा Strait of Hormuz को बंद करने के कारण देश में एलपीजी सिलेंडरों की कमी को लेकर चिंता बढ़ गई है। यह जलमार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20% वहन करता है और भारत अपनी लगभग 45% तेल जरूरतें खाड़ी देशों से पूरी करता है, जो इस समय प्रभावित हैं।