Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

Ranchi: 400 साल पुराने तपोवन मंदिर को भव्य रूप देने की तैयारी, श्रद्धालुओं ने जताई खुशी

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के निवारणपुर का श्री राम जानकी तपोवन मंदिर आस्था का एक बड़ा केंद्र है। करीब 400 साल पुराने इस ऐतिहासिक स्थल को भव्य रूप देने की तैयारी अब तेज हो गई है। श्री राम मंदिर अयोध्या की तर्ज पर अब इसका निर्माण किया जा रहा है।

14 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसकी आधारशिला रखी थी। नागर शैली में करीब 14000 स्क्वायर फीट में बन रहे मंदिर का गुंबद 100 फीट ऊंचा होगा। रामनवमी पर रांची के अखाड़ों से निकलने वाले महावीर झंडों की आस्था की आखिरी मंजिल यही तपोवन मंदिर बनता है। खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी रामनवमी के मौके पर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेने यहां पहुंचे।

झारखंड सरकार ने तपोवन मंदिर के बाहरी क्षेत्र को विकसित करने के लिए 14 करोड़ 66 लाख 60 हजार 300 रुपये का आवंटन किया है। इस राशि से प्रवेश द्वार, मंदिर के बाहर की सड़क, हाई मास्ट लाइट, मंदिर के पास का पुलिया और अन्य कार्य पूरे होंगे। मंदिर का नवनिर्माण होता देख श्रद्धालु भी बेहद खुश हैं।

आधुनिक सुविधाओं और भव्य वास्तुकला के साथ यह मंदिर न केवल धार्मिक बल्कि पर्यटन के दृष्टिकोण से भी खास बनने की ओर अग्रसर है। इसके निर्माण के बाद न केवल आस्था मजबूत होगी, बल्कि रांची को एक नई धार्मिक पहचान देने की भी तैयारी है।