Breaking News

कामाख्या मंदिर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, मां कामाख्या के दर्शन कर की पूजा-अर्चना     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिल्पा शेट्टी ने दिया फिटनेस का संदेश, कहा- योग को जीवनशैली बनाएं     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अक्षय कुमार ने किया योग, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ हुए शामिल     |   दिल्ली पुलिस ने 80 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार     |   नीट-यूजी पुनर्परीक्षा: देशभर में सुरक्षा कड़ी, परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी     |  

MP News: इंदौर में बस खाई में गिरने से 3 यात्रियों की मौत, सीएम ने की सहायता राशि की घोषणा

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक यात्री बस के खाई में गिरने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार रात हुए हादसे पर शोक जताते हुए तीनों मृतकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि से दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि हादसा सिमरोल थाना क्षेत्र के भेरू घाट में हुआ, जब यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान राहुल (25), पद्मा (50) और नीता राव (40) के रूप में हुई है।

द्विवेदी ने बताया कि हादसे के दौरान बस में करीब 40 यात्री सवार थे और पुलिस व प्रशासन के दल ने घायल यात्रियों को बाहर निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में भेजा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘बस चालक हादसे के बाद घटनास्थल से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच के मुताबिक हादसा चालक की लापरवाही से हुआ।’’

इस बीच, घटनास्थल से सामने आए एक वीडियो में एक व्यक्ति को कहते सुना जा सकता है कि बस चालक ने शराब पी रखी थी और उसके नशे में होने के कारण भीषण हादसा हुआ।