तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में बच्चों की तस्करी के आरोप में एक गिरोह के 13 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही उनके पास से 10 बच्चों को बचाया गया है। पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार गिरोह के सदस्यों को पकड़ा और 10 बच्चों को बचाया। सूर्यपेट जिले के पुलिस अधीक्षक नरसिम्हा ने कहा, "सूर्यपेट और नलगोंडा जिलों के अलग-अलग गांवों से सात लड़के और तीन लड़कियां को बचाया गया। उन्हें नलगोंडा के बाल कल्याण केंद्र को सौंप दिया गया है।"
गिरफ्तार किए गए लोगों में सूर्यपेट शहर का एक व्यक्ति और उसकी पत्नी शामिल हैं, जो मध्यस्थ के रूप में काम करते थे।पुलिस ने कहा कि वो निःसंतान दंपतियों के बारे में पूछताछ करते थे और बच्चों की तस्करी करने वाले आरोपियों से परामर्श के बाद उन्हें कानूनी गोद लेने की प्रक्रियाओं का पालन किए बिना 5 लाख से लेकर 10 लाख रुपये में बेच देते थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने बताया है कि बच्चों को गुजरात और महाराष्ट्र से लाया गया था। हालांकि, पुलिस ने कहा कि इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी पहले भी आंध्र प्रदेश और मुंबई में इसी तरह के मामलों में शामिल रहे हैं।पुलिस ने बताया कि जिन माता-पिता ने बच्चों को गोद लेने के लिए कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया, उनसे भी पूछताछ की गई। बीएनएस और जेजे एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।