Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

RCB की रिकॉर्ड बिक्री पर विजय माल्या ने आलोचकों को दिया जवाब, कहा- तब लोग मुझ पर हंसते थे

RCB Record Sale: आईपीएल की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के शुरुआती मालिक और भगोड़े कारोबारी विजय माल्या ने इस क्रिकेट टीम के लगभग 18,776 करोड़ रुपये (करीब दो अरब डॉलर) में बिकने पर उन आलोचकों पर तंज कसा है, जिन्होंने कभी इस निवेश को महज एक दिखावा या 'अहंकार की संतुष्टि के लिए किया गया सौदा' बताया था।

यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) ने आरसीबी को आदित्य बिरला समूह, द टाइम्स ऑफ इंडिया, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन जैसे खरीदारों के एक समूह को करीब 16,660 करोड़ रुपये के नकद सौदे में बेचा है। महिला प्रीमियर लीग के भुगतान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कमीशन को मिलाकर इस सौदे की कुल कीमत लगभग 18,776 करोड़ रुपये (दो अरब डॉलर) तक पहुंच जाती है।

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपनी एक पोस्ट में विजय माल्या ने दावा किया कि जब साल 2008 में इस टीम को 450 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, तब लोग उस पर हंसते थे। कारोबारी ने अपनी सफाई में कहा कि इस कथित 'सनक' के पीछे का असली मकसद 'रॉयल चैलेंज' ब्रांड को खड़ा करना था, इसीलिए टीम का नाम आरसीबी रखा गया था।

माल्या ने कहा कि आज इस निवेश की कीमत 16,660 करोड़ रुपये से भी अधिक हो गई है। कारोबारी ने नए मालिकों को 'शुभकामनाएं' देते हुए याद दिलाया कि विराट कोहली जैसे खिलाड़ी को चुनने का फैसला भी उसी का था, जो आज दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।

माल्या भारतीय बैंकों का 9,000 करोड़ रुपये का कर्ज न चुकाने के मामले में भारत में वांछित है और भारत ब्रिटेन से माल्या के प्रत्यर्पण का प्रयास कर रहा है।