Breaking News

कामाख्या मंदिर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, मां कामाख्या के दर्शन कर की पूजा-अर्चना     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिल्पा शेट्टी ने दिया फिटनेस का संदेश, कहा- योग को जीवनशैली बनाएं     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अक्षय कुमार ने किया योग, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ हुए शामिल     |   दिल्ली पुलिस ने 80 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार     |   नीट-यूजी पुनर्परीक्षा: देशभर में सुरक्षा कड़ी, परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी     |  

WPL 2026: मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेला जाएगा पहला मैच

WPL 2026: हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली गत चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम चौथी महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के उद्घाटन मैच में नौ जनवरी को नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में 2024 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना करेगी।

डब्ल्यूपीएल का फाइनल पहली बार सप्ताहांत पर नहीं होगा, इस बार प्रतियोगिता का फाइनल गुरुवार (पांंच फरवरी) को खेला जाएगा। ऐसा पुरुषों के टी20 विश्व कप से टकराव से बचने के लिए किया गया है जो उसी सप्ताह भारत और श्रीलंका में शुरू हो रहा है।

टी20 विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी (शनिवार) को कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच मैच से होगी। इस बार डब्ल्यूपीएल 28 दिन तक चलेगा और इसमें 22 मैच खेले जाएंगे।

प्रतियोगिता का आयोजन दो स्थानों पर किया जाएगा। इस महीने की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका पर भारत की महिला आईसीसी विश्व कप जीत का गवाह बना डी.वाई. पाटिल स्टेडियम शनिवार को घोषित कार्यक्रम के अनुसार पहले 11 मैचों की मेजबानी करेगा, जिसमें 10 और 17 जनवरी को होने वाले दो-दो मैच भी शामिल हैं। यहां बाकी सभी मैच शाम के सत्र में खेले जाएंगे।

इसके बाद लीग वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जहां शेष 11 मैच खेले जाएंगे। इसमें दो फरवरी को एलिमिनेटर और पांच फरवरी को होने वाला फाइनल शामिल है। यह पहली बार है जब डब्ल्यूपीएल जनवरी-फरवरी में खेला जाएगा, क्योंकि पिछले तीन टूर्नामेंट आईपीएल से ठीक पहले फरवरी-मार्च में आयोजित किए गए थे।

प्रतियोगिता के प्रारूप में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पांचों टीम मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, यूपी वॉरियर्स, गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स डबल राउंड-रॉबिन में एक-दूसरे के साथ दो बार खेलेंगी। लीग चरण में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर में भिड़ेंगी।

डब्ल्यूपीएल के समापन के दस दिन बाद भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाएगी, जिसमें 15 फरवरी से नौ मार्च तक तीन टी-20, तीन वनडे और एक टेस्ट मैच खेला जाएगा।