Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

IPL 2026: दिल्ली कोच ने की मिचेल स्टार्क की जमकर तारीफ, कहा- वो साथी खिलाड़ियों के लिए ‘रोल मॉडल’ हैं

IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने मिचेल स्टार्क की जमकर तारीफ करते हुए ऑस्ट्रेलिया के इस तेज गेंदबाज को अपने साथी खिलाड़ियों के लिए ‘रोल मॉडल’ करार दिया। स्टार्क ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में चार विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई जिससे दिल्ली ने आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीद जीवंत रखी।

बदानी ने मैच के बाद स्टार्क के बारे में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वे इस खेल के सबसे अच्छे रोल मॉडल में से एक है। उनकी कार्यशैली, खेल से पहले की तैयारी, उनकी अपनी योजनाएं और उनका अभ्यास सब कुछ बेमिसाल है। मुझे बहुत से युवा खिलाड़ियों में ये बात नजर नहीं आती और यही कारण है कि वे इतने लंबे समय से खेल में बने हुए हैं।’’

दिल्ली कैपिटल्स के कोच में युवा खिलाड़ियों पर स्टार्क के प्रभाव के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘‘वे हमेशा उनसे बात करते रहते हैं। उन्हें सिखाने की कोशिश करते हैं जैसे कि रिवर्स स्विंग कैसे करें, लेंथ कैसे बनाए रखें, जब बल्लेबाज हावी होने की कोशिश कर रहा हो तो क्या करें। स्टार्क अपनी बातचीत से काफी कुछ सिखाते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे दबाव में गेंदबाजी करना पसंद करते हैं और मैच में किसी भी समय गेंदबाजी कर सकते हैं।’’ टीम में हाल में किए गए कुछ बदलावों का जिक्र करते हुए बदानी ने कहा कि कुछ सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं होने के कारण टीम प्रबंधन ने युवा खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगा कि हमें नई मानसिकता और नई ऊर्जा की जरूरत है। दुर्भाग्य से हमारे कुछ सीनियर खिलाड़ी उस तरह से प्रदर्शन नहीं कर पाए जैसा हम चाहते थे। इसलिए हमने युवा खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया।’’

भारत के पूर्व बल्लेबाज ने विदेशी क्रिकेट बोर्डों द्वारा लिए गए निर्णयों के कारण खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता पर भी निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं तो यही चाहता हूं कि खिलाड़ी पहले दिन से ही उपलब्ध रहें लेकिन अलग-अलग क्रिकेट बोर्ड ने कुछ फैसले किए हैं। अगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें रिलीज नहीं करता है जैसे कि जोश हेजलवुड और पैट कमिंस के मामले में हुआ तो फ्रेंचाइजी उसमें कुछ नहीं कर सकती है।’’