Breaking News

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुए     |   FIFA 2026: अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह     |   UAE, कतर, बहरीन, जॉर्डन... दहल उठे अमेरिकी ठिकाने, ईरान का जबरदस्त पलटवार     |   अमेरिकी ठिकानों पर ईरान के जवाबी हमलों के बाद कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में धमाके     |   ईरान ने मध्य-पूर्व में कई अमेरिकी ठिकानों पर फिर से हवाई हमले किए     |  

ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए सौरव गांगुली, सचिन-युवराज ने दी बधाई

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाने पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी उन्हें इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। गांगुली को उनके 54वें जन्मदिन पर ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। वह यह सम्मान पाने वाले 12वें भारतीय और 10वें पुरुष भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं।

सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "हम 14 साल की उम्र से एक-दूसरे को जानते हैं। इसलिए यह सम्मान मेरे लिए कोई हैरानी की बात नहीं है। ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर बधाई दादा।" इस पर सौरव गांगुली ने जवाब देते हुए लिखा, "धन्यवाद चैंपियन। आपके साथ इस सूची में शामिल होना मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी है।"

पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी गांगुली को बधाई देते हुए लिखा कि उन्होंने सिर्फ एक टीम नहीं बनाई, बल्कि पूरी पीढ़ी के खिलाड़ियों में आत्मविश्वास पैदा किया। उन्होंने कहा, "दादा, ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर बधाई। यह सम्मान पूरी तरह आपके योग्य है। आपके नेतृत्व में खेलना और यादगार पल साझा करना मेरे लिए गर्व की बात है।"

इस सम्मान की घोषणा के बाद गांगुली ने भी ICC और उसके अध्यक्ष जय शाह का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हॉल ऑफ फेम में शामिल होना उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है। सौरव गांगुली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 424 मैच खेले और 18,575 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 38 शतक और 107 अर्धशतक लगाए।

कप्तान के रूप में गांगुली ने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दी। उनके नेतृत्व में भारत ने 2001 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी, 2004 में पाकिस्तान में पहली टेस्ट सीरीज जीत, 2000 ICC नॉकआउट ट्रॉफी का फाइनल और 2003 वनडे विश्व कप का फाइनल खेला। गांगुली को एमएस धोनी, युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, जहीर खान, इरफान पठान और गौतम गंभीर जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका देने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का श्रेय भी दिया जाता है।