Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

ICC T20I rankings: स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा टॉप-3 में बरकरार, हरमनप्रीत कौर को भी फायदा

भारत की उप-कप्तान स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने मंगलवार को जारी ताजा आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों की रैंकिंग में अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा। महिला टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में स्मृति मंधाना के अलावा कोई भी भारतीय खिलाड़ी टॉप-10 में नहीं है। सूची में कप्तान हरमनप्रीत कौर 11वें स्थान पर, जेमिमा रोड्रिग्स 15वें स्थान पर और शेफाली वर्मा उनसे एक पायदान नीचे हैं। 

बल्लेबाजों की सूची में ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी शीर्ष पर हैं, उनके बाद टीम की साथी तहलिया मैकग्रा मौजूद हैं। मूनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 75 और 70 रन बनाकर शीर्ष पर अपनी बढ़त में इजाफा किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में 32 रन की पारी खेलने वाली फोबे लिचफील्ड तीन स्थान ऊपर चढ़कर 22वें स्थान पर पहुंच गईं। 

स्टार ऑलराउंडर मेली केर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के दूसरे मैच में 40 रन की पारी के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की सूची में दो स्थान की बढ़त हासिल की जबकि न्यूजीलैंड की जॉर्जिया प्लिमर पिछले महीने शीर्ष क्रम में कुछ लगातार पारियों की बदौलत 20 स्थान का सुधार करते हुए 50वें स्थान पर पहुंच गई हैं। 

दीप्ति ने इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन और पाकिस्तान की सादिया इकबाल के बाद गेंदबाजों में अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड ने आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में अपने करियर की सर्वोच्च रेटिंग हासिल की है।

सदरलैंड टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों के लिए व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रेटिंग पर पहुंच गई। वो न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट लेने के बाद दो स्थान की छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंच गई। डार्सी ब्राउन 12 पायदान की छलांग लगाकर 18वें स्थान पर पहुंची। 

केर टी20 अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडरों की रैंकिंग में वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज के बाद दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं जबकि मैकग्रा तीन पायदान ऊपर 18वें स्थान पर और सदरलैंड एक पायदान ऊपर 21वें स्थान पर ऊपर की ओर बढ़ने वाली खिलाड़ियों में शामिल हैं।