Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

इससे ​​रिवर्स स्विंग में मदद मिलेगी, गेंद पर लार के इस्तेमाल के फैसले का मोहम्मद सिराज ने किया स्वागत

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के ज्यादातर कप्तानों की सहमति के बाद आगामी सीजन में गेंद पर लार के इस्तेमाल से प्रतिबंध हटा दिया है, जिससे ये कोविड-19 महामारी के बाद लार के इस्तेमाल को फिर से शुरू करने वाला पहला बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट बन गया है। शनिवार से शुरू होने वाले आईपीएल के आगामी चरण से पहले मुंबई में कप्तानों की बैठक में ये फैसला लिया गया। भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बीसीसीआई के इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि इससे गेंदबाजों को “रिवर्स स्विंग” करने में मदद मिलेगी।

आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटन्स से जुड़े सिराज ने कहा, "ये हमारे गेंदबाजों के लिए बहुत अच्छी खबर है क्योंकि जब गेंद कुछ नहीं कर रही होती है, तो गेंद पर लार लगाने से रिवर्स स्विंग मिलने की संभावना बढ़ जाती है। कभी-कभी ये रिवर्स स्विंग में मदद करता है क्योंकि शर्ट पर गेंद को रगड़ने से (रिवर्स स्विंग पाने में) मदद नहीं मिलेगी। लेकिन गेंद पर लार का उपयोग करने से एक तरफ की चमक बनाए रखने में मदद मिलेगी और ये महत्वपूर्ण है।" 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की तरफ से रिटेन न किया जाने पर सिराज ने कहा, "नए सीजन से पहले गुजरात से जुड़ना एक अच्छा एहसास है। हां, मेरे लिए आरसीबी छोड़ना थोड़ा भावनात्मक था क्योंकि विराट भाई ने मुश्किल समय में मेरा बहुत साथ दिया था। लेकिन गिल के नेतृत्व में हमारे पास एक शानदार टीम है।"

उन्होंने कहा, "अगर आप गिल की बात करें तो वो गेंदबाजों के कप्तान हैं। वो कभी भी आपको कुछ नया करने से नहीं रोकते या आपकी योजनाओं में रुकावट नहीं डालते। हमने एक साथ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया है।" गुजरात टाइटन्स के पास कगिसो रबाडा, राशिद खान, इशांत शर्मा और गेराल्ड कोएट्जी जैसे बेहतरीन गेंदबाज हैं। इस पर सिराज ने कहा कि इससे उनके कंधों से कुछ बोझ कम होगा।

आईसीसी ने कोरोना महामारी के दौरान एहतियात के तौर पर गेंद को चमकाने के लिए लार लगाने की सदियों पुरानी प्रथा पर प्रतिबंध लगा दिया था और बाद में 2022 में विश्व संस्था ने इस प्रतिबंध को स्थायी कर दिया था।