Breaking News

कामाख्या मंदिर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, मां कामाख्या के दर्शन कर की पूजा-अर्चना     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिल्पा शेट्टी ने दिया फिटनेस का संदेश, कहा- योग को जीवनशैली बनाएं     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अक्षय कुमार ने किया योग, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ हुए शामिल     |   दिल्ली पुलिस ने 80 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार     |   नीट-यूजी पुनर्परीक्षा: देशभर में सुरक्षा कड़ी, परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी     |  

Vijay Hazare Trophy: शार्दुल ठाकुर चोट के कारण बाहर, श्रेयस अय्यर करेंगे मुंबई की अगुआई

Vijay Hazare Trophy: भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को सोमवार को विजय हजारे ट्रॉफी के बाकी बचे मुकाबलों के लिए मुंबई का कप्तान नियुक्त किया गया क्योंकि नियमित कप्तान शार्दुल ठाकुर चोट के कारण बाहर हो गए हैं। अय्यर भी लंबे समय तक चोट के कारण बाहर रहने के बाद वापसी कर रहे हैं। पिछले साल अक्टूबर में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच के दौरान उन्हें स्प्लीन (तिल्ली) में चोट लगी थी और अंदरूनी रक्तस्राव हुआ था।

मुंबई के मुख्य चयनकर्ता संजय पाटिल ने ठाकुर की चोट की प्रकृति के बारे में बताए बिना कहा, ‘‘शार्दुल को चोट लगी है और उसे आराम की सलाह दी गई है। हमारे पास शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी उपलब्ध है और श्रेयस अय्यर को बाकी बचे मुकाबलों के लिए मुंबई का कप्तान नियुक्त किया गया है।’’

एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए भारत के उप कप्तान अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में 11 जनवरी से शुरू हो रही तीन मैच की श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो बाकी एकदिवसीय राजकोट में 14 जनवरी और इंदौर में 18 जनवरी को खेले जाएंगे।

मुंबई क्रिकेट संघ के सचिव डॉ. उमेश खानविलकर ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए और चयन के लिए अनुपलब्ध शार्दुल ठाकुर की जगह श्रेयस अय्यर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।’’ अय्यर मंगलवार को हिमाचल के खिलाफ ग्रुप सी मैच और फिर आठ जनवरी को पंजाब के खिलाफ मैच में मुंबई की अगुआई करेंगे।