Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

रणजी ट्रॉफी 11 अक्टूबर से, दलीप ट्रॉफी के साथ 23 अगस्त से शुरू होगा घरेलू सत्र

New Delhi: रणजी ट्रॉफी एक बार फिर दो चरण में खेली जाएगी, जिसमें पहले चरण की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी; जबकि 2026-27 घरेलू सत्र 23 अगस्त को दलीप ट्रॉफी के साथ शुरू होगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को ये घोषणा की।

आगामी सत्र के दौरान बीसीसीआई आयु वर्ग और सीनियर क्रिकेट में कुल 1788 मुकाबलों का आयोजन करेगा, जिसमें पुरुषों के लिए अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 के अलावा सीनियर स्तर; जबकि महिलाओं के लिए अंडर-15, अंडर-19 और अंडर-23 के अलावा सीनियर स्तर के मुकाबले शामिल हैं।

अंडर-23 वर्ग का सीमित ओवरों का टूर्नामेंट और विजी ट्रॉफी के लिए अंतर क्षेत्रीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाएगी। बीसीसीआई ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘2026-27 का घरेलू सत्र बीसीसीआई की एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी घरेलू ढांचा बनाने की प्रतिबद्धता को दिखाता है। साथ ही ये सभी प्रारूप और वर्ग में संतुलित प्रगति भी सुनिश्चित करता है।’’

क्षेत्रीय प्रारूप में वापसी करने वाली दलीप ट्रॉफी 23 अगस्त से 10 सितंबर के बीच खेली जाएगी। ये पूरा टूर्नामेंट बेंगलुरू में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा। रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू कश्मीर और बाकी भारत के बीच ईरानी कप मुकाबला एक से पांच अक्टूबर तक श्रीनगर में खेला जाएगा।

बीसीसीआई के घरेलू कैलेंडर की सबसे बड़ी प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी का पहला चरण 11 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच होगा, जिसमें चार दौर खेले जाएंगे। दूसरा चरण 17 जनवरी से तीन मार्च 2027 के बीच होगा जो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (राष्ट्रीय टी20 टूर्नामेंट) और विजय हजारे ट्रॉफी (50 ओवर का राष्ट्रीय टूर्नामेंट) के खत्म होने के बाद खेला जाएगा।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 14 नवंबर से छह दिसंबर के बीच खेली जाएगी। लीग चरण के मुकाबले मुंबई, मोहाली, विजाग और कोलकाता में होंगे जबकि नॉकआउट चरण नागपुर में होगा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से आईपीएल की अलग-अलग फ्रेंचाइजी को नीलामी से पहले अपनी सूची तैयार करने का मौका मिलेगा। नीलामी दिसंबर में होगी।

विजय हजारे ट्रॉफी 14 दिसंबर 2026 से आठ जनवरी 2027 तक होगी। बीसीसीआई की कार्यक्रम तैयार करने वाली टीम ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी (अंडर-16) नवंबर से जनवरी के बीच कराने का फैसला किया है, जिससे स्कूली क्रिकेटरों को अपनी सालाना या बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने में भी आसानी होगी जो आम तौर पर फरवरी और मार्च में होती हैं।