Breaking News

रूस ने 41 रूसी सैनिकों के शवों के बदले यूक्रेन को 1,000 यूक्रेनी सैनिकों के शव सौंपे     |   15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू, अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए नियम तय, उम्र सीमा भी लागू     |   सेंसेक्स 931 अंक गिरकर 76,631 पर बंद, निफ्टी 222 अंक लुढ़ककर 23,775 पर पहुंचा     |   ईरान और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों की फोन पर बात, तनाव कम करने पर हुई चर्चा     |   'बातचीत फेल हुई, तो लंबी लड़ाई के लिए तैयार', ईरान ने दी नई धमकी     |  

IPL 2026: एलएसजी के खिलाफ बड़े बदलाव कर सकता है केकेआर, ईडन गार्डन्स में होगा मुकाबला

IPL 2026: लय हासिल करने के लिए जूझ रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुरुवार को यहां लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होने वाले मैच में सत्र की पहली जीत हासिल करने के लिए अपनी अंतिम एकादश में बड़े बदलाव कर सकती है। केकेआर के लिए वापसी करना आसान नहीं होगा क्योंकि उसका सामना मोहम्मद शमी जैसे तेज गेंदबाज से होगा जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में चार ओवर में नौ रन देकर दो विकेट लिए थे।

उन्होंने लगातार ओवरों में अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड को आउट किया था। घरेलू क्रिकेट में बंगाल की तरफ से खेलने वाले शमी यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। वह सीधी सीम गेंदबाजी और गेंद की स्विंग कराने में माहिर हैं तथा वह ईडन गार्डन्स की परिस्थितियों का भरपूर फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।

केकेआर ने अभी तक तीन मैचों में जीत हासिल नहीं की है। यहां की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार हो सकती है। बारिश के कारण रद्द कर दिए गए पिछले मैच में पंजाब किंग्स के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने दिखाया कि अधिक घास वाली पिच पर सीधी सीम गेंदबाजी कितनी प्रभावी हो सकती है। उन्होंने तीन गेंद के अंदर फिन एलन और कैमरन ग्रीन को आउट करके केकेआर के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया था। केकेआर भाग्यशाली रहा कि यह मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। इससे उसने अंक तालिका में अपना खाता भी खोला।

केकेआर के लिए शमी पावरप्ले में बड़ा खतरा साबित होंगे। उनके अलावा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और मिस्ट्री स्पिनर दिग्वेश राठी का सामना करना भी आसान नहीं होगा। केकेआर ने अभी तक अजिंक्य रहाणे और फिन एलन की सलामी जोड़ी को आजमाया है जो अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाए। वह इस मैच में एलन और टिम सीफर्ट की न्यूजीलैंड की जोड़ी को आजमा सकते हैं।

न्यूजीलैंड के एक अन्य खिलाड़ी रचिन रविंद्र भी मध्य क्रम में जगह बनाने के दावेदार हैं। इससे केकेआर को स्पिन का एक अतिरिक्त विकल्प भी मिल जाएगा। केकेआर की सबसे बड़ी चिंता सुनील नारायण (आठ ओवर में 69 रन देकर एक विकेट) और भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का खराब प्रदर्शन रहा है, जिन्होंने अभी तक एक भी विकेट नहीं लिया है। यह दोनों खिलाड़ी पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में अस्वस्थ होने के कारण टीम में शामिल नहीं थे। इन दोनों की अंतिम एकादश में वापसी हो सकती है जबकि मिस्ट्री स्पिनर दक्ष कामरा को भी मौका मिल सकता है।

केकेआर के लिए एक और चिंता का विषय कैमरन ग्रीन का नहीं चल पाना है जिन्हें उसने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह केवल बल्लेबाज के रूप में खेल रहे हैं लेकिन अभी तक तीन मैच में 18, दो और चार रन ही बना पाए हैं।

जहां तक एलएसजी का सवाल है तो उसकी टीम पिछले मैच में जीत दर्ज करने से आत्मविश्वास से भरी होगी। उसके कप्तान ऋषभ पंत ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए पिछले मैच में नाबाद 68 रन बनाए थे और वह अपनी इस फॉर्म को जारी रखने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

एलएसजी की टीम में पंत के अलावा शीर्ष तीन में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श और दक्षिण अफ्रीका के एडन मारक्रम भी शामिल हैं। वह केकेआर के गेंदबाजों पर शुरू से ही हावी होने की कोशिश करेंगे।