Breaking News

UP: CM आवाज पर लखनऊ अग्निकांड को लेकर हाई लेवल मीटिंग, कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद     |   लखनऊ अग्निकांड: मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार देने का ऐलान     |   ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन 23 जून को पाकिस्तान का दौरा करेंगे     |   ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने लेबर पार्टी नेता और PM पद की दौड़ में उतरने का ऐलान किया     |   यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के वोरोनिश इलाके में स्बोर्का सेमीकंडक्टर प्लांट पर हमला किया     |  

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की शानदार शुरूआत, 400 मीटर टी20 फाइनल में पहुंची दीप्ति जीवनजी

नई दिल्ली: भारत का विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अभियान शानदार तरीके से शुरू हुआ जब धाविका दीप्ति जीवनजी ने शुक्रवार को यहां सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

तेलंगाना की 22 वर्षीय खिलाड़ी ने शुरुआती दौर की दूसरी हीट में 58.35 सेकेंड का समय लेकर शीर्ष स्थान हासिल किया। पहली हीट में वेनेजुएला की लियोनेला कोरोमोटो वेरा कोलिना ने 57.10 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया जो उनका भी सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय है।

मौजूदा विश्व रिकॉर्ड धारक तुर्की की आयसेल ओन्डर 57.88 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। ओन्डर ने पिछले साल पेरिस पैरालंपिक में 54.96 सेकेंड का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। यूक्रेन की यूलिया शुलियार (58.01 सेकेंड) ने हीट एक में तीसरा स्थान हासिल किया जबकि डोमीनिकन गणराज्य की डायना विवेनेस (59.41 सेकेंड) और ऑस्ट्रेलिया की तेलाया ब्लैकस्मिथ (एक मिनट 0.10 सेकेंड) ने हीट दो में क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

क्वालीफिकेशन नियमों के अनुसार प्रत्येक हीट से शीर्ष तीन एथलीट अगले दो सबसे तेज धावकों के साथ पदक दौर में आगे बढ़ते हैं। इक्वाडोर की मेयरली मिंडा (58.98 सेकेंड) और पुर्तगाल की कैरिना पैम (59.61 सेकेंड) ने इसी आधार पर अगले दौर में जगह बनाई। महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा का फाइनल भारतीय समयानुसार शनिवार शाम सात बजकर 23 मिनट पर होगा।