Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

IPL 2026: 'मैंने यॉर्कर और स्विंग पर काम किया, बस मौके का इंतजार था', GT के खिलाफ जीत के बाद बोले अश्वनी कुमार

IPL 2026: मुंबई इंडियंस के युवा तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार ने कहा कि उन्होंने यॉर्कर और स्विंग पर काफी कड़ी मेहनत की और धैर्यपूर्वक मौके का इंतजार किया जिसका फायदा उन्हें गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल मैच में मिला। तिलक वर्मा की 45 गेंदों पर नाबाद 101 रन की पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट पर 199 रन बनाए।

इसके बाद मौजूदा सत्र का अपना पहला मैच खेल रहे अश्वनी ने 24 रन देकर चार विकेट लिए और गुजरात टाइटन्स को 15.5 ओवर में 100 रन पर आउट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं यॉर्कर और स्विंग पर काम कर रहा था। मैं बस मौके का इंतजार कर रहा था। मुझे जब भी मौका मिलता, मैं अच्छा प्रदर्शन करता। अन्यथा मैं मंदिर जाता था। मैं बस यही कर रहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने विकेट की परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी की। हमने कप्तान से इस बारे में चर्चा की और अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करने की कोशिश की।’’ अश्वनी ने कहा, ‘‘ये काली मिट्टी की पिच है, इसलिए हमें पता था कि गेंद थोड़ी नीची रहेगी। पहली पारी में गेंद थोड़ा स्विंग हो रही थी। इसलिए हमारी रणनीति सही लेंथ पर गेंद डालना और पिच की परिस्थिति के अनुसार गेंदबाजी करना था।’’

इस जीत से मुंबई इंडियंस का लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला खत्म हो गया और वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। अश्वनी ने कहा, ‘‘हम अपनी गलतियों पर गौर कर रहे थे और कोच की सलाह का पालन कर रहे थे। हारने के बावजूद हमारा मनोबल कम नहीं हुआ था। उस दौर में भी टीम बेहद सकारात्मक बनी रही।’’