Breaking News

ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की फोन पर बातचीत, सीजफायर से मुद्दों पर चर्चा     |   इजरायल-लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच सीजफायर पर 23 अप्रैल को वॉशिंगटन में बातचीत     |   सऊदी की आपत्ति के बाद PAK ने सूडान को $1.5 अरब के हथियार बेचने की डील रद्द की     |   राजस्थान: आग लगने की वजह से HRRL रिफाइनरी के उद्घाटन का PM का कार्यक्रम टला     |   उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 आईएस अधिकारियों का तबादला हुआ     |  

अजमतुल्लाह उमरजई को मिला ICC का ये बड़ा अवॉर्ड, इन धुरंधरों को छोड़ा पीछे

अफगानिस्तान के हरफनमौला खिलाड़ी अजमतुल्लाह उमरजई को सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का 2024 का साल का सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय पुरुष क्रिकेटर चुना गया। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और आक्रामक बल्लेबाज उमरजई ने 2024 में अफगानिस्तान की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

चौबीस साल के उमरजाई ने 2023 के अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाया और पिछले साल दुनिया के अग्रणी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में शामिल रहे। कुसल मेंडिस (श्रीलंका), शेरफेन रदरफोर्ड (वेस्टइंडीज) और वानिंदु हसारंगा (श्रीलंका) भी इस अवॉर्ड की रेस में थे, लेकिन उमरजई ने इन सबको पछाड़ दिया.  

उमरजई ने टी20 अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया लेकिन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह सबसे प्रभावशाली साबित हुए। वो रहमानुल्लाह गुरबाज के बाद अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज और एएम गजनफर के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। 

अफगानिस्तान ने 2024 में अपनी पांच में से चार एकदिवसीय श्रृंखलाएं जीतीं। उमरजई ने पिछले साल 14 मैच में 17 विकेट लेने के अलावा 417 रन बनाए। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने आयरलैंड, दक्षिण अफ़्रीका, बांग्लादेश और जिंबाबवे के खिलाफ लगातार चार श्रृंखला जीती। अफगानिस्तान के ऑलराउंडर उमरजई ने पूरे साल बल्ले और गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया। 

उन्होंने 52.12 की औसत से रन बनाए और 20.47 की औसत से विकेट लिए। उमरजई ने अपने साल के पहले ही एकदिवसीय मैच में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 149 रन की पारी खेली थी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 50 गेंद पर नाबाद 86 रन की आक्रामक पारी भी खेली जिससे अफगानिस्तान ने दूसरे एकदिवसीय में जीत के साथ श्रृंखला अपने नाम की।