Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

देहरादून में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारी तेज, 17 जुलाई को युवाओं से करेंगे संवाद

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज हो गई हैं। यह कार्यक्रम 17 जुलाई को आयोजित होना है और इसके लिए प्रस्तावित स्थल बन्नू स्कूल में मंच, बैठक व्यवस्था और अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं। राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचकर छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम कांग्रेस के देशव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाना है।

कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पेपर लीक की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नकल विरोधी कानून सिर्फ कागजों तक सीमित है, जबकि परीक्षा के प्रश्नपत्र खुलेआम बेचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, जिसे ‘देवभूमि’ कहा जाता है, अब पेपर लीक का केंद्र बन गया है।

राहुल गांधी ने UKSSSC भर्ती परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पटवारी और लेखपाल जैसी नौकरियां योग्यता के बजाय पैसे के बल पर हासिल की जा रही हैं। सितंबर 2025 में आयोजित UKSSSC की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी थी। मामले की जांच के लिए न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यूसी ध्यानी की अध्यक्षता में जांच आयोग बनाया गया था। राहुल गांधी ने इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा में ‘छात्रों की गूंज महा रैली’ से की थी। अब वे इसी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए देहरादून आ रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।