Breaking News

संसद सत्र शुरू होने से पहले राजनाथ के दफ्तर में NDA के मंत्रियों की अहम बैठक हुई     |   आंध्र प्रदेश: 7 कोविड केस मिले, एक की मौत, RIMS अस्पताल में अलग वार्ड बनाया गया     |   कोरोना को लेकर इस जिले में हड़कंप... मिले 7 मरीज, बनाया गया आइसोलेशन वार्ड     |   वीजा सर्विस: प्राइवेट फर्मों का टेंडर रद्द वाले HC के फैसले को केंद्र ने SC में दी चुनौती     |   हरियाणा: ‘जींद का घेवर वही है, लेकिन तेवर बदल गए हैं’, रैली में बोले पीएम मोदी     |  

हिंदी लेखिका सूर्यबाला को 34वां व्यास सम्मान मिला

हिंदी की जानी-मानी लेखिका सूर्यबाला को 34वें व्यास सम्मान से नवाज़े जाने का बुधवार को ऐलान किया गया. केके बिड़ला फाउंडेशन ने एक बयान में बताया कि लेखिका को 2018 में आए उनके उपन्यास ‘कौन देस को वासी: वेणु की डायरी” के लिए 2024 का व्यास सम्मान दिया जा रहा है. बयान के मुताबिक, 25 अक्टूबर 1943 में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जन्मी सूर्यबाला को इस सम्मान के तहत चार लाख रुपये की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया जाएगा.

फाउंडेशन ने बताया कि यह पुरस्कार भारतीय नागरिक की हिंदी की उस उत्कृष्ट साहित्यिक रचना को दिया जाता है जिसका प्रकाशन पिछले 10 साल के दौरान हुआ हो. बयान के मुताबिक, प्रतिष्ठित साहित्यकार प्रोफेसर रामजी तिवारी की अगुवाई वाली चयन समिति ने 34वें व्यास सम्मान के लिए सूर्यबाला के उपन्यास का चयन किया. इसमें कहा गया है कि काशी विश्वविद्यालय से पीएचडी करने वाली सूर्यबाला करीब साढ़े चार दशकों से हिंदी साहित्य को समृद्ध कर रही हैं.

बयान के मुताबिक, उनके 50 से ज्यादा उपन्यास, कहानी, जीवनी, व्यंग्य, विदेश संस्मरण और बाल उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं. इसके अलावा उनकी कई रचनाएं भारतीय एवं विदेशी भाषाओं में अनूदित भी हुई हैं तथा उन्हें विभिन्न पुरस्कारों से नवाज़ा भी गया है.