Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

तुर्की का F16 फाइटर जेट बना आग का गोला, क्रैश में पायलट की दर्दनाक मौत

तुर्की के पश्चिमी हिस्से में मौजूद बालिकेसिर शहर में सोमवार देर रात तुर्की वायुसेना का एक एफ-16 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट की मौत हो गई. अधिकारियों के मुताबिक ये घटना बुरसा-इजमिर हाईवे के पास हुई, जिसके बाद तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दुर्घटनास्थल पर मलबा बिखरा हुआ दिखाई दिया और आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए. इस पूरे इलाके को घेर लिया गया है और घटना की जांच जारी है. बताया गया है कि यह फाइटर जेट बालिकेसिर स्थित 9वीं मेन जेट बेस कमांड से संबंधित था. स्थानीय समय के मुताबिक विमान रात करीब एक बजे क्रैश हुआ, जब ये उड़ान पर था. अचानक ही विमान से रेडियो संपर्क और रडार ट्रैकिंग दोनों टूट गए, जिसके बाद इसकी तलाश शुरू हो गई.

तलाशी अभियान में दुर्घटनास्थल का पता चला और मलबा बरामद किया गया. हादसे में पायलट की जान चली गई. तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक बयान में कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल बनाया गया है और विस्तृत जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. यहां के न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने भी जानकारी दी कि मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी गई है. सरकारी बयान में पायलट को शहीद बताते हुए श्रद्धांजलि दी गई है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है.