Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 52 पैसे लुढ़ककर 87.70 पर बंद

विदेशी कोषों की लगातार निकासी और व्यापार शुल्क से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित होने से सोमवार को अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 52 पैसे लुढ़ककर 87.70 (अस्थायी) पर आ गया। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से लगाए गए उच्च सीमा शुल्कों ने वैश्विक व्यापार परिदृश्य में व्यापक व्यवधान को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) की तरफ से डॉलर की मांग आने से कारोबार के दौरान रुपये में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 87.21 पर खुला। बाद में रुपया 87.70 के निचले स्तर तक गया। कारोबारी सत्र के अंत में रुपया 87.70 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 52 पैसे की बड़ी गिरावट है। शुक्रवार को रुपया 47 पैसे बढ़कर 87.18 पर बंद हुआ था।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.37 प्रतिशत घटकर 98.77 रह गया। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 418.81 अंक बढ़कर 81,018.72 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 157.40 अंक बढ़कर 24,722.75 पर बंद हुआ। शेयर एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, एफआईआई पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 3,366.40 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।