Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

अमेरिका में मृत मिला 22 वर्षीय भारतीय छात्र, कुछ दिन से था लापता

अमेरिका में एक हफ्ते से भी कम समय पहले लापता हुआ 22 वर्षीय भारतीय स्नातकोत्तर छात्र मृत पाया गया है। भारतीय दूतावास ने यहां यह जानकारी दी। कर्नाटक के रहने वाले और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में पढ़ने वाले छात्र साकेत श्रीनिवासैया सोमवार से लापता थे।

सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने स्थानीय समयानुसार शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में छात्र के शव की बरामदगी की पुष्टि की। पोस्ट में कहा गया है, ‘‘वाणिज्य दूतावास को यह सूचित करते हुए गहरा दुख है कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया के शव की बरामदगी की पुष्टि कर दी है।’’

श्रीनिवासैया के प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए वाणिज्य दूतावास ने कहा कि ‘‘दूतावास परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है जिसमें स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत ले जाने की व्यवस्था करना शामिल है।’’

दूतावास ने कहा, ‘‘वाणिज्य दूतावास के अधिकारी परिवार के साथ संपर्क में हैं और सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं सेवाओं में उनका सहयोग करेंगे।’’ श्रीनिवासैया कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में मास्टर ऑफ साइंस पाठ्यक्रम की पढ़ाई करते थे। ‘बर्कले स्कैनर’ समाचार पोर्टल ने बताया था कि श्रीनिवासैया के बैग में उनका पासपोर्ट और लैपटॉप था जो पार्क हिल्स इलाके में एक दरवाजे पर मिला था।

इससे पहले, स्थानीय पुलिस ने श्रीनिवासैया के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति को स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क करने को कहा था।