Breaking News

कामाख्या मंदिर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, मां कामाख्या के दर्शन कर की पूजा-अर्चना     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिल्पा शेट्टी ने दिया फिटनेस का संदेश, कहा- योग को जीवनशैली बनाएं     |   अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अक्षय कुमार ने किया योग, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ हुए शामिल     |   दिल्ली पुलिस ने 80 लाख रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार     |   नीट-यूजी पुनर्परीक्षा: देशभर में सुरक्षा कड़ी, परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी     |  

भारतीय-अमेरिकी विदेश नीति के विशेषज्ञ एशले टेलिस गिरफ्तार, लगे ये आरोप

भारतीय मूल के प्रसिद्ध रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञ एशले जे टेलिस को राष्ट्रीय रक्षा संबंधी गोपनीय जानकारी अपने पास रखने के आरोप में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, 64 वर्षीय टेलिस को वर्जीनिया राज्य के वियना शहर से सप्ताहांत में गिरफ्तार किया गया। उन पर “राष्ट्रीय रक्षा जानकारी को अवैध रूप से अपने पास रखने” का आरोप लगाया गया है।

यह जानकारी यूएस अटॉर्नी ऑफिस फॉर द ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ वर्जीनिया ने मंगलवार को दी। अमेरिकी अटॉर्नी लिंडसे हॉलिगन ने कहा, “यह आरोप हमारे नागरिकों की सुरक्षा और देश की रक्षा के लिए गंभीर खतरा है। हमारा कार्यालय अमेरिकी जनता को हर तरह के खतरों विदेशी या घरेलू से बचाने पर केंद्रित है।”

अगर एशले जे टेलिस दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें 10 साल तक की जेल, 2.5 लाख डॉलर (लगभग ₹2 करोड़) तक का जुर्माना और 100 डॉलर का विशेष शुल्क देना पड़ सकता है। इसके अलावा उनकी कुछ संपत्तियां भी जब्त की जा सकती हैं। अदालत ने कहा कि सजा तय करने से पहले फेडरल जज अमेरिकी सजा दिशानिर्देशों और अन्य कानूनी बिंदुओं पर विचार करेंगे।

एशले जे टेलिस का जन्म मुंबई में हुआ था और उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो से पढ़ाई की। वे अमेरिका में कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस के वरिष्ठ फेलो हैं और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा और एशियाई रणनीति के मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं। टेलिस ने जॉर्ज डब्ल्यू बुश प्रशासन के दौरान भारत-अमेरिका परमाणु समझौते को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसने दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा दी थी।