Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

बीजिंग पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग से ईरान युद्ध और व्यापार सहित कई मुद्दों पर होगी चर्चा

China: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर चीन पहुंचे। इस दौरान वह अपने चीनी समकक्ष राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ ईरान युद्ध सहित कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति चिनफिंग के निमंत्रण पर चीन की यात्रा पर आए ट्रंप का हवाई अड्डे पर उपराष्ट्रपति हान झेंग ने स्वागत किया।

विश्व की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के राष्ट्राध्यक्ष सातवीं बार आमने-सामने की बातचीत करेंगे। इससे पहले ट्रंप-चिनफिंग ने अक्टूबर 2025 में दक्षिण कोरिया के बुसान में आमने-सामने की बैठक की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति नौ वर्षों में अपनी दूसरी चीन यात्रा पर बीजिंग पहुंचे हैं ताकि व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके और टैरिफ को लेकर चल रहे तनाव को समाप्त किया जा सके। टैरिफ की वजह से अमेरिका को चीन से होने वाले 525 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के निर्यात प्रभावित हो रहे थे। ट्रंप शीर्ष कंपनियों के सीईओ के साथ बीजिंग पहुंचे हैं।

वह अपने पहले कार्यकाल के दौरान 2017 में चीन का दौरा करने वाले अंतिम अमेरिकी राष्ट्रपति थे। अमेरिका की प्रधान उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने रविवार को कहा था कि राष्ट्रपति ट्रंप गुरुवार को शी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि दोनों नेता शुक्रवार को चाय पर मुलकात करेंगे और उसी दिन दोपहर के भोज पर भी बैठक करने का कार्यक्रम है। केली के मुताबिक अमेरिका इस साल के अंत में चीन के राष्ट्राध्यक्ष की पारस्परिक यात्रा की मेजबानी करने की योजना बना रहा है।

ट्रंप के बीजिंग पहुंचने से पहले, चीन के उप-प्रधानमंत्री हे लिफेंग और अमेरिका के वित्तमंत्री स्कॉट बेसेंट ने दक्षिण कोरिया में व्यापार वार्ता का अंतिम दौर पूरा किया। हालांकि, इस बातचीत की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, जिसके विवरण ज्ञात नहीं हैं। बातचीत व्यापार और शुल्क, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी, ताइवान और अमेरिका द्वारा ताइवान को हथियारों की बिक्री, ईरान और पश्चिम एशिया की सुरक्षा और दुर्लभ धातुओं और आपूर्ति शृंखलाओं पर केंद्रित किया गया।

ट्रंप अपनी तीन दिवसीय चीन यात्रा के दौरान टेंपल ऑफ हेवन भी जाएंगे, जो शाही मंदिरों का एक परिसर है जहां सम्राट अच्छी फसल के लिए प्रार्थना करते थे। बीजिंग रवाना होने से पहले, ट्रंप ने वाशिंगटन में मीडिया से कहा कि वह शी से व्यापार के बारे में सबसे ज्यादा बात करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अमेरिकी खाद्य पदार्थों और विमानों की अधिक खरीद के लिए चीन के साथ और अधिक समझौते करने की योजना बना रहे हैं। दोनों देश अपने बीच के मतभेदों को दूर करने के लिए चीन के साथ एक व्यापार बोर्ड स्थापित करने की भी योजना बना रहे हैं।

ट्रंप के साथ अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के प्रमुख सीईओ भी बीजिंग पहुंचे हैं, जिनमें टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क और एप्पल के सीईओ टिम कुक शामिल हैं, जिनका चीन में अच्छी तरह से स्थापित व्यवसाय है। आईफोन की बिक्री में 28 प्रतिशत की वृद्धि के कारण, एप्पल ने 2026 की शुरुआत तक चीन के प्रतिस्पर्धी स्मार्टफोन बाजार में शीर्ष स्थान फिर से हासिल कर लिया है।

अप्रैल में, टेस्ला के चीन में निर्मित वाहनों की बिक्री (निर्यात सहित) 79,478 तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 36 प्रतिशत की वृद्धि है, जो उत्पादन में सुधार का संकेत है। चीनी अधिकारियों के मुताबिक शीर्ष अमेरिकी उद्यमियों को एक विशेष अंतरराष्ट्रीय व्यापार क्लब में अपने चीनी समकक्षों के साथ मिलने-जुलने का मौका दिया जाएगा।

हालांकि, शिखर सम्मेलन के दौरान दुनिया की नजर अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध को समाप्त करने और होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी को समाप्त करने के लिए उठाए जाने वाले संभावित कदमों पर होगी। ट्रंप की यात्रा से पहले, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने युद्ध के बाद बीजिंग की अपनी पहली यात्रा की और अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ बातचीत की। वांग-अराघची वार्ता पर टिप्पणी करते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि चीन उन्हें वही बताएंगे जो उन्हें बताया जाना चाहिए।’’