Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

दिल्ली के शास्त्री पार्क में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में गुरुवार तड़के एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को रात करीब 1:30 बजे शास्त्री पार्क थाना पुलिस को चाकूबाजी की सूचना मिली। पुलिस टीम जब बुलंद मस्जिद के पास फिश मार्केट इलाके में पहुंची, तो वहां फखरुद्दीन नामक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। उसके शरीर पर चाकू के कई घाव थे।

परिजनों ने उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए।जांच के दौरान पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहसिन के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि मोहसिन पहले भी मारपीट, चोरी और लूट से जुड़े सात आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। वहीं, इसी महीने की शुरुआत में दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में भी चाकूबाजी की एक घटना सामने आई थी, जिसमें एक व्यक्ति और उसके साले पर हमला किया गया था। दोनों घायलों को इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस उस मामले की भी जांच कर रही है।