Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

आपकी 28 नंबर की जर्सी बेजोड़ कौशल का पर्याय थी: PM मोदी ने पूर्व हॉकी कप्तान रानी से कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल की उपलब्धियों की सोमवार को सराहना करते हुए कहा कि मैदान पर उनके जादू को युगों तक याद रखा जाएगा। रानी ने पिछले गुरुवार को संन्यास की घोषणा की थी जिसके बाद उनके 16 साल के शानदार करियर का अंत हो गया। वो हरियाणा के एक छोटे से शहर से निकलकर अपने शानदार खेल से प्रेरणास्रोत बनीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने रानी को पत्र लिखकर कहा, ‘‘ भारतीय महिला हॉकी में आपकी 28 नंबर की जर्सी बेजोड़ कौशल और अजेय गोलों का पर्याय थी। हालांकि ये फिर से मैदान पर दिखाई नहीं देगी लेकिन देश के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक के रूप में आपने हमें जो यादें दीं हैं उन्हें हमेशा संजोकर रखा जाएगा।’’

इस पत्र को हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘खेल खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में से एक होने के नाते आपने पदार्पण करते ही टीम में नई ऊर्जा भर दी। तब से एक फॉरवर्ड के रूप में आपने डिफेंस को भेदा, गोलकीपरों को चकमा दिया और 200 से अधिक गोल दागे।’’ प्रधानमंत्री ने खास तौर से 2021 तोक्यो ओलंपिक में उनके प्रदर्शन की सराहना की।