त्रिपुरा के सत्तारूढ़ बीजेपी गठबंधन में सहयोगी टिपरा मोथा ने ऐतिहासिक पुष्पबंत पैलेस को लक्जरी होटल में बदलने के लिए निजी कंपनी को पट्टे पर देने के राज्य सरकार के प्रस्ताव के खिलाफ शनिवार को अगरतला में प्रदर्शन किया। टिपरा मोथा के कार्यकर्ता युवाओं, महिलाओं और छात्र विंगों के साथ गोलाघाट और सिपाहीजाला जिले में विरोध प्रदर्शन के लिए एकजुट हुए।
रैली का नेतृत्व करते हुए, विधायक मनाब देबबर्मा ने कड़ा विरोध जताया और कहा, "हम त्रिपुरा में ताज जैसे लक्जरी होटलों की स्थापना का समर्थन करते हैं, लेकिन ऐतिहासिक जगह को बरर्बाद करने की कीमत पर नहीं। पुष्पबंत पैलेस सांस्कृतिक महत्व रखता है और हम इसकी इजाजत नहीं देंगे।"
देबबर्मा ने सरकार से अपने फैसले पर फिर से विचार करने को कहा और प्रस्ताव वापस न लेने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। इसके साथ ही टिपरा मोथा ने शनिवार शाम सिपाहीजला जिले के चोरिलम विधानसभा इलाके में मशाल रैली का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में विधायक सुबोध देबबर्मा और वरिष्ठ नेता बुद्ध देबबर्मा ने हिस्सा लिया, जिन्होंने महल के निजीकरण करने पर सांस्कृतिक पहचान के नुकसान के बारे में चिंता दोहराई।
इस बीच मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राजस्थान के उदाहरणों का हवाला देते हुए प्रस्ताव का बचाव किया। राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शाही संपत्तियों को लक्जरी होटलों में बदल दिया गया है। उन्होंने निजीकरण से त्रिपुरा की अर्थव्यवस्था को होने वाले फायदों पर जोर दिया और कहा, "विकास गतिविधियों को अनावश्यक बाधाओं का सामना नहीं करना चाहिए।"