Breaking News

रूस ने 41 रूसी सैनिकों के शवों के बदले यूक्रेन को 1,000 यूक्रेनी सैनिकों के शव सौंपे     |   15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू, अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए नियम तय, उम्र सीमा भी लागू     |   सेंसेक्स 931 अंक गिरकर 76,631 पर बंद, निफ्टी 222 अंक लुढ़ककर 23,775 पर पहुंचा     |   ईरान और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों की फोन पर बात, तनाव कम करने पर हुई चर्चा     |   'बातचीत फेल हुई, तो लंबी लड़ाई के लिए तैयार', ईरान ने दी नई धमकी     |  

राजा रघुवंशी हत्याकांड के तीन संदिग्ध पकड़े गए, चौथे की तलाश जारी

Madhya Pradesh: मेघालय में हनीमून मनाने गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी (29) की हत्या के मामले में तीन संदिग्धों को मध्यप्रदेश के इस शहर और इसके आस-पास से हिरासत में लिया गया है, जबकि चौथे संदिग्ध की तलाश जारी है। इंदौर पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने संवाददाताओं को बताया कि इंदौर पुलिस और मेघालय पुलिस के रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात चलाए गए साझा अभियान में राजा रघुवंशी हत्याकांड के तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि इंदौर के रहने वाले इन संदिग्धों की पहचान राज कुशवाह, विशाल चौहान और आकाश राजपूत के रूप में हुई है। 

दंडोतिया ने बताया कि इनमें से दो लोगों को इंदौर से पकड़ा गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को इस शहर के पास से हिरासत में लिया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया, ‘‘मेघालय पुलिस तीनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर मेघालय पुलिस अगला कदम उठाएगी।’’ 

उन्होंने बताया कि राजा रघुवंशी हत्याकांड का चौथा संदिग्ध आनंद फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। दंडोतिया ने बताया कि राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम (25) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में मिली है। उन्होंने बताया अपने पति के साथ हनीमून मनाने मेघालय गई सोनम की उसकी सास से 23 मई को आखिरी बार फोन पर बात हुई थी जिसके बाद परिवार से उसका संपर्क कट गया था। 

अधिकारियों ने बताया कि मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को लापता हो गए थे। उन्होंने बताया कि राजा रघुवंशी का शव दो जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था। राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। 

राजा की सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है।