Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

अपराधी ने पुलिस गिरफ्त से की भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में मारा गया

तमिलनाडु के पेराम्बलुर जिले के थिरुमनथुराई के पास एक आदतन अपराधी ने कथित तौर पर एक पुलिस उप-निरीक्षक पर हमला कर दिया और हिरासत से भागने की कोशिश की जिसके बाद उसे गोली मार दी गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कोट्टू राजा उर्फ अझगुराजा के रूप में हुई है, जो हाल ही में एक अन्य कुख्यात अपराधी वेल्लाई काली पर हुए हमले का मुख्य संदिग्ध था।

पुलिस के अनुसार, 24 जनवरी को अदालत में पेशी के बाद वेल्लाई काली को चेन्नई की पुझल केंद्रीय जेल वापस ले जा रहे वाहन पर अझगुराजा सहित 10 से अधिक लोगों के एक गिरोह ने देसी बम फेंके थे। इस घटना के बाद, पेराम्बलुर जिला पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए पांच विशेष टीम गठित की थीं। अझगुराजा को सोमवार शाम को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान उसने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों और विस्फोटकों को जंगल में छिपाने की बात कथित तौर पर कबूल की। इसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस की एक टीम उसे उस स्थान पर ले गई ताकि छिपा हुआ माल बरामद किया जा सके। वहां पहुंचते ही अझगुराजा ने कथित तौर पर पुलिस वाहन पर एक देसी बम फेंका और भागने की कोशिश में एक छिपाए हुए धारदार हथियार से उप-निरीक्षक पर हमला किया।

मंगलामेडु पुलिस इंस्पेक्टर ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में घायल हुए उप-निरीक्षक को इलाज के लिए पेराम्बलुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की जांच जारी है।