Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

दिल्ली में खालिस्तान वाली साजिश फेल, आतंकी पन्नू के स्लीपर सेल के गुर्गे गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नु के दो स्लीपर सेल सदस्यों को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी दिल्ली से की गई है. दोनों आरोपियों पर 26 जनवरी से पहले दिल्ली में माहौल खराब करने की साजिश रचने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी से ठीक पहले दिल्ली के दो अलग-अलग इलाकों में दीवारों पर खालिस्तान जिंदाबाद और अन्य प्रो-खालिस्तान नारे लिखे गए थे. इसका मकसद गणतंत्र दिवस से पहले डर और अशांति फैलाना था.

इस मामले की जांच के बाद दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. जांच में सामने आया है कि यह पूरी साजिश कनाडा में बैठे आतंकी पन्नु के इशारे पर रची गई थी. पन्नु के एक करीबी ने भारत में मौजूद लोगों को इस काम के लिए हायर किया था. आरोपियों को इसके बदले 2 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था.

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ के रूप में हुई है. बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चलाने का काम करता है, जबकि रोहित उसका करीबी साथी है. पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि इस साजिश का मास्टरमाइंड दिल्ली के तिलक नगर इलाके का रहने वाला है, जो 26 जनवरी से कुछ दिन पहले ही कनाडा चला गया था और वहां से सीधे पन्नु के संपर्क में था. दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मामले में पन्नु से जुड़े कुछ और लोगों की तलाश जारी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि देश में और कहां-कहां ऐसे स्लीपर सेल सक्रिय हैं. पुलिस ने साफ किया है कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.