गुजरात के सूरत जिले में नवरात्रि उत्सव में गई किशोरी के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर रेप किया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि किशोरी अपने एक दोस्त के साथ उत्सव में शामिल होने गई थी। एसपी (रूरल) हितेश जॉयसर ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे कोसांबा पुलिस थाना क्षेत्र के मंगरोल तालुका के मोटा बोरसारा गांव के बाहरी इलाके में सुनसान जगह पर 17 साल किशोरी के साथ कथित तौर पर गैंग रेप किया गया।
कुछ दिन पहले वडोदरा के बाहरी इलाके में भी एक किशोरी के साथ गैंग रेप की वारदात हुई थी। वो भी अपने दोस्त के साथ बाहर गई हुई थी। एसपी ने बताया, "किशोरी अपनी कोचिंग क्लास के बाद अपने दोस्तों से मिलने किम गई थी। रात करीब 10.30 बजे उसने अपने दो दोस्तों के साथ आइसक्रीम खाई। वो और उसका (पुरुष) दोस्त मोटा बोरसारा गांव के पास हाईवे के किनारे एक पेट्रोल पंप पर जाने के लिए सुनसान जगह पर बैठे थे, तभी तीन लोग उनके पास आए।"
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों ने लड़की को पकड़ लिया, जबकि उसका दोस्त भाग गया। इसके बाद तीनों ने उसके साथ रेप किया। इसके बाद लड़की और उसके दोस्त का मोबाइल फोन लेकर भाग गए। उन्होंने कहा, "एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है और दो आरोपितों की पहचान कर ली गई है। एक बार उन्हें पकड़ लिया जाए, तो हम तीसरे आरोपित को भी पकड़ लेंगे।"
घटनास्थल से भागने के बाद लड़की के दोस्त ने इलाके के लोगों को इसकी सूचना दी, जो आधे घंटे के अंदर इलाके में पहुंच गए और खोजबीन शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि इस बीच पुलिस को भी सूचना दे दी गई थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रेंज आईजी और एसपी समेत सीनियर पुलिस अधिकारी मौका-ए-वारदात पर पहुंचे। मामले को सुलझाने के लिए 10 से ज्यादा टीमें बनाई गई हैं। जोयसर ने बताया कि सबूत जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीमों को भी लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70-बी (18 साल से कम उम्र की युवती से गैंग रेप), 115-बी (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 54 (अपराध के समय उकसाने वाले की मौजूदगी) और 309-4 (लूट की कोशिश में चोट पहुंचाना) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसी तरह की एक घटना में चार अक्टूबर की रात वडोदरा के बाहरी इलाके में एक सुनसान जगह पर तीन लोगों ने एक नाबालिग के साथ गैंग रेप किया था, जिससे पूरे राज्य में हंगामा मच गया था। तीनों आरोपितों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।