Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति, तेल कीमतों में गिरावट से सेंसेक्स 940 अंक चढ़ा

Share Market: इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को अच्छी-खासी बढ़त देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बाद आखिरी घंटे में लिवाली से दोनों सूचकांक एक प्रतिशत से ज्यादा उछल गए।

शेयर बाजार में ये जोरदार तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत में प्रगति के दावे के बाद देखने को मिली। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों ने निवेशकों के मनोबल को और सहारा दिया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड आठ प्रतिशत गिरकर 101.1 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 940 अंक उछलकर 77,958 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 298 अंक बढ़कर लगभग 24,331 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में, इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड, ट्रेंट लिमिटेड, एशियन पेंट्स, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक सबसे ज्यादा चढ़े।जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, एनटीपीसी और एचसीएल टेक के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के।

क्षेत्रीय स्तर पर, फाइनेंशियल सर्विसेज, बैंक, ऑटो, रियलिटी, टेलीकॉम, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और हेल्थकेयर शेयरों ने बाजार की तेजी की अगुवाई की। जबकि पावर, एफएमसीजी और एनर्जी सेक्टर के शेयर सुस्त रहे। हॉन्गकॉन्ग के हैंग सेंग, दक्षिण कोरिया के कोस्पी और चीन के शंघाई कंपोजिट समेत सभी बड़े एशियाई बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।

वहीं जापान का इक्विटी बाजार छुट्टी की वजह से बंद रहा। यूरोपीय बाजार बुधवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध विक्रेता बन गए, क्योंकि उन्होंने 3,621 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेच दिए।