Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का शेयर बाजार ने मनाया जश्न, सेंसेक्स 2072 अंक उछला

Stock Market: भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद मंगलवार को इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक, सेंसेक्स और निफ्टी में ढाई फीसदी की तेजी आई। समझौते के तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। रुपये में आई तीव्र मजबूती से बाजार का माहौल और भी बेहतर हुआ। रुपये की कीमत अमेरिकी डॉलर के मुकाबले एक रुपया 25 पैसे से ज्यादा बढ़ गई।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,072 अंक चढ़कर 83,739 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 639 अंक बढ़कर 25,727 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में, अडाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इंडिगो, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और सन फार्मा सबसे ज्यादा चढ़े।जबकि सिर्फ टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के शेयर ही लुढ़के।

क्षेत्रीय स्तर पर, सभी सूचकांकों में भारी खरीदारी देखी गई। इनमें रियल एस्टेट, बिजली, पूंजीगत सामान, ऑटो, धातु, वित्तीय सेवाएं, स्वास्थ्य सेवा, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं और बैंकिंग शेयरों ने दो से चार फीसदी प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। व्यापार समझौते के ऐलान ने कपड़ा, चमड़ा, रत्न और आभूषण, सी-फूड निर्यात और खासकर केमिकल शेयरों में भी तेजी से उछाल को बढ़ावा दिया।

एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक तेजी से चढ़ा और लगभग सात फीसदी की छलांग लगाई। जापान के निक्केई, चीन के शंघाई कंपोजिट और हॉन्गकॉन्ग के हैंग सेंग सहित अन्य एशियाई बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। जबकि वॉल स्ट्रीट सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशक सोमवार को शुद्ध विक्रेता रहे और उन्होंने 1,832 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।