Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

अनन्या पांडे के भरतनाट्यम फ्यूजन पर भड़कीं सोनल मानसिंह, बोलीं- ‘यह पूरी तरह बकवास’

प्रसिद्ध भरतनाट्यम और ओडिसी नृत्यांगना सोनल मानसिंह ने अभिनेत्री अनन्या पांडे की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ में किए गए भरतनाट्यम फ्यूजन प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस प्रस्तुति को “पूरी तरह बकवास” और “अस्वीकार्य” बताया है। पद्म विभूषण सम्मानित सोनल मानसिंह ने कहा कि वह इसे “परफॉर्मेंस” भी नहीं मानतीं। उन्होंने कहा, “अगर कोई कहे कि सोनल मानसिंह भी परफॉर्म करती हैं और अनन्या पांडे भी, तो यह तुलना ही गलत है।”

दरअसल, फिल्म का एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अनन्या पांडे भरतनाट्यम शैली में फ्यूजन डांस करती नजर आ रही हैं, जबकि अभिनेता लक्ष्य उन्हें देखते दिखाई देते हैं। फिल्म में इस प्रस्तुति को आधुनिक अंदाज में दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर भारी आलोचना शुरू हो गई।

सोनल मानसिंह ने साफ कहा कि यह भरतनाट्यम नहीं है और इसे फ्यूजन कहकर भी सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा, “यह भरतनाट्यम बिल्कुल नहीं है। जो भी हरकतें और मूवमेंट दिखाए गए हैं, मैं समझ नहीं पा रही हूं।” उन्होंने बॉलीवुड पर भारतीय सांस्कृतिक विरासत के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। सोनल मानसिंह ने कहा कि पहले के फिल्मकार शास्त्रीय नृत्य की गरिमा समझते थे। उन्होंने राज कपूर की फिल्म ‘चोरी चोरी’ का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौर में कमला लक्ष्मण जैसी प्रशिक्षित नृत्यांगनाओं को फिल्मों में लिया जाता था।

उन्होंने वैजयंतीमाला, वहीदा रहमान, पद्मिनी और संध्या जैसी कलाकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज हिंदी फिल्मों में रचनात्मक सोच का पतन हो चुका है। “यह बेहद दुखद है कि हमारी इतनी समृद्ध परंपरा को इस तरह कचरे में फेंका जा रहा है,” उन्होंने कहा। सोनल मानसिंह ने यह भी कहा कि यह कोई अकेला मामला नहीं है, बल्कि पिछले दो-तीन दशकों से लगातार ऐसा हो रहा है। उन्होंने कहा, “अगर यह भरतनाट्यम नहीं है तो फिर वह पोशाक क्यों पहनते हैं? जो करना है कीजिए, लेकिन इसे भरतनाट्यम मत कहिए।”

उन्होंने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि लोग अब इस मुद्दे पर जागरूक हो रहे हैं और अपनी आवाज उठा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, फिल्म की असिस्टेंट कोरियोग्राफर अनन्या कुरुप ने सोशल मीडिया पर अनन्या पांडे के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने लिखा कि अनन्या को भरतनाट्यम सिखाना उनके लिए खास अनुभव रहा और अभिनेत्री ने अपने प्रदर्शन में अच्छा काम किया है। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘चांद मेरा दिल’ का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है। फिल्म 22 मई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।