Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

Gold Silver price: चांदी और सोने में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी, जानें आज का ताजा भाव

Gold Silver price: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में शुक्रवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों के लगातार दूसरे दिन मुनाफावसूली जारी रखने से चांदी लगभग पांच प्रतिशत टूटकर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई जबकि सोना 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी 13,000 रुपये यानी 4.85 प्रतिशत टूटकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों समेत) रह गई। यह बृहस्पतिवार को 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इसी तरह, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 3,400 रुपये यानी 2.12 प्रतिशत टूटकर 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों समेत) रह गया। इसका पिछला बंद भाव 1,60,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू कीमतों में गिरावट मुख्य रूप से ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के कारण हुई, जबकि वैश्विक कीमती धातुओं की दरों में दिन के उत्तरार्द्ध में उछाल आया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शुरुआती गिरावट के बाद सर्राफा की कीमतों में चार प्रतिशत से अधिक का तेज सुधार हुआ।

हाजिर चांदी 3.02 डॉलर यानी 4.26 प्रतिशत बढ़कर 74 डॉलर प्रति औंस हो गई। इसके पहले दिन में चांदी लगभग 10 प्रतिशत गिरकर 64.08 डॉलर प्रति औंस पर आ गई थी। इसके अलावा, सोना हाजिर 106.74 डॉलर यानी 2.23 प्रतिशत बढ़कर 4,887.30 डॉलर प्रति औंस हो गया। सत्र की शुरुआत में इसने 4,654.86 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर को छुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, "हाजिर सोना कमजोर रुख के साथ खुला और 4,654 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर पर पहुंच गया। लेकिन इसमें तेजी से सुधार आया और यह लगभग दो प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,880 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करने लगा।" उन्होंने कहा कि अमेरिका के कमजोर रोजगार आंकड़ों ने कीमती धातुओं को समर्थन दिया, लेकिन अमेरिका-ईरान बातचीत में सफलता की उम्मीदों ने इस तेजी को सीमित कर दिया।