Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

त्रिपुरा में शर्मनाक वारदात, ONGC कर्मचारी ने ऑटिस्टिक बच्ची को पीटा

त्रिपुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ONGC) के एक कर्मचारी को आठ साल की ऑटिस्टिक बच्ची के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीप गोलाप दास के रूप में हुई है, जो ONGC के फायर डिपार्टमेंट में कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं—126(2), 117(2), 308(2) और 353(3)—के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अमताली थाने के प्रभारी अधिकारी परितोष दास ने बताया कि 24 मार्च को शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि एक आठ वर्षीय दिव्यांग बच्ची के साथ शारीरिक हमला किया गया है। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि बच्ची के साथ मारपीट के साथ-साथ उसे प्रताड़ित भी किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले की जानकारी देते हुए मनोवैज्ञानिक और सामाजिक कार्यकर्ता कैरल डी’सूजा ने बताया कि बच्ची ONGC कॉलोनी में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान उसने मासूमियत में आरोपी की कार पर ABCD लिख दिया, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने बच्ची पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने बच्ची को गले से पकड़कर बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान पड़ गए। बच्ची का दो दिन तक इलाज चला। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।