खुदरा महंगाई में नरमी और वैश्विक बाजारों में तेजी से घरेलू बाजार पर भी अच्छा असर पड़ा जिससे मंगलवार को चार दिन से जारी गिरावट पर बाजार में रोक लगी और बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी बढत के साथ बंद हुए।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 169 अंक बढ़कर 76,499 पर जबकि एनएसई निफ्टी 90 अंक चढ़कर 23,176 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पैक में अडाणी पोर्ट्स, एनटीपीसी, टाटा स्टील, ज़ोमैटो और टाटा मोटर्स सबसे ज्यादा बढत में रहे जबकि एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, टीसीएस और इंफोसिस सबसे ज्यादा गिरे।
एफएमसीजी और आईटी शेयरों को छोड़कर ज्यादातर सेक्टर के शेयर मजबूत रहे। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, वित्तीय सेवाओं, मीडिया, मेटल, बिजली और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त देखी गई। एशियाई बाजारों में हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग, चीन का शंघाई कंपोजिट और सियोल का कोस्पी बढत के साथ बंद हुए जबकि जापान का निक्केई और इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट गिरकर बंद हुए।
यूरोपीय बाज़ार बढत के साथ कारोबार कर रहे थे। वॉल स्ट्रीट सोमवार को मिले जुले रुख के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को करीब 4,893 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची।