Breaking News

ऑस्ट्रेलिया का दौरा पूरा कर ऑकलैंड रवाना: न्यूजीलैंड में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे पीएम मोदी     |   बिहार के पेंशनधारियों को बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज भेजेंगे राशि     |   बेंगलुरु साउथ में संदिग्ध फ़ूड पॉइज़निंग के बाद एक स्कूल के 11 छात्र अस्पताल में भर्ती     |   12% से ज्यादा अल्कोहल वाली दवा अब बिना पर्चे के नहीं मिलेगी, सरकार का बड़ा फैसला     |   उत्तर प्रदेश में मॉनसून का कहर, 7 की मौत: पश्चिमी यूपी के जिलों में रेड अलर्ट जारी     |  

Assam: कोयला खदान में बचाव अभियान सातवें दिन भी जारी, मृतकों की संख्या चार

असम के दीमा हसाओ जिले में कोयला खदान में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान रविवार को सातवें दिन भी जारी रहा। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। राज्य के खान और खनिज मंत्री कौशिक राय ने बताया कि खदान से पानी निकालने का काम जारी है और उम्मीद है कि ये प्रक्रिया जल्द ही अंतिम चरण में पहुंच जाएगी। 

गुवाहाटी से लगभग 250 किलोमीटर दूर उमरंगसो क्षेत्र में कोयला खदान में छह जनवरी को अचानक पानी भर जाने से कुल नौ मजदूर फंस गए थे। इनमें से अब तक चार मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं। पहला शव बुधवार को बरामद किया गया जबकि तीन अन्य शव शनिवार को निकाले गए। 

एनडीआरएफ टीम के कमांडर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि खदान से पानी निकालने का काम जारी है और जलस्तर घट रहा है। उन्होंने बताया, "आज बचाव अभियान का सातवां दिन है और अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। पानी निकालने का काम जारी है और जलस्तर घट रहा है।"

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), सेना और नौसेना कर्मियों समेत कई एजेंसियां बचाव अभियान में जुटी हैं। निगरानी के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। राय ने शनिवार को घटनास्थल पर जारी अभियान का निरीक्षण किया और कहा कि अगले 36 घंटे में पानी निकालने का काम पूरा होने की उम्मीद है। 

मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने कहा था कि ये खदान 12 साल पहले बंद कर दी गई थी और तीन साल पहले तक ये असम खनिज विकास निगम के अधीन थी। खनिकों के मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।