भारत में आज गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन 1950 में संविधान लागू होने और देश के गणराज्य बनने का प्रतीक है। यह सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि एक ऐसा दिन है जब भारत अपनी सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और तकनीकी उपलब्धियों का प्रदर्शन करता है। कर्तव्य पथ पर होने वाली यह परेड भारत की प्रगति और परंपरा का जीवंत प्रमाण है।
गणतंत्र दिवस पर आम जनता की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने 26 जनवरी 2025 को सुबह 3:00 बजे से सभी लाइनों पर अपनी सेवाएं शुरू कर दी है। यह जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एक आधिकारिक बयान में दी।
सुबह 6:00 बजे तक मेट्रो ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल पर चल चुकी है। इसके बाद दिनभर सामान्य समय सारणी के अनुसार सेवाएं जारी रहेंगी। DMRC ने कहा कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि लोग कर्तव्य पथ तक आसानी से पहुंचकर गणतंत्र दिवस समारोह का आनंद ले सकें।
दिल्ली की सीमाओं पर केवल आवश्यक वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, और यह प्रतिबंध परेड समाप्त होने तक लागू रहेगा। परेड मार्ग, जो विजय चौक से लाल किले तक फैला है, पर जाने वाले रास्तों को डायवर्ट किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे 9:30 बजे से 1:00 बजे के बीच परेड मार्ग से बचें। खासकर C-Hexagon, तिलक मार्ग और बहादुर शाह जफर मार्ग के पास यातायात प्रभावित रहेगा।
हालांकि, उत्तर दिल्ली से नई दिल्ली या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की यात्रा करने वाले यात्रियों को किसी विशेष प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ेगा। फिर भी, संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।